संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत पर विवाद रूक नहीं रहा है, सुप्रीम कोर्ट द्वारा फिल्म को रिलीज करने के आदेश के बाद भी करणी सेना समेत अन्य संगठन अपना आग उगल रही है। इस वजह से कई राज्यों के मल्टीप्लेक्स मालिकों ने इस फिल्म को दिखाने से इनकार कर दिया है। देश के चार राज्य राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा में इस फिल्म की स्क्रीनिंग न करने का फैसला किया है। सबसे खास बात यह है कि यह चारों राज्य भाजपा शासित राज्य हैं। इस बाद की पुष्टि देश भर के 75 प्रतिशत मल्टीप्लेक्स मालिकों का प्रतिनिधित्व करने वाले मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने की है।
सर्वोच्च न्यायालय द्वारा फिल्म ‘पद्मावत’ की रिलीज को पूरे भारत में प्रदर्शन करने की अनुमति देने के बावजूद करणी सेना की ओर से लगातार विरोध किया जा रहा है। जम्मू के इंद्रा सिनेमा के टिकट काउंटर पर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की। घटना के समय वहां मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पद्मावत के स्लोगन बना रखे हैं। गुरुग्राम में करणी सेना के लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए बस जला दी और सोहना रोड पर पत्थरबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों ने स्कूल बस को भी नहीं बख्शा। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में प्रदर्शनकारी थाने के बाहर जम गए थे। उनको खदेड़ने के लिए पुलिस को बल प्रयाेग करना पड़ा था। पद्मावत के विरोध की आग अब यूपी के मेरठ तक पहुंच गई है मेरठ के पीवीएस मॉल में करणी सेना के लोगों ने इस फिल्म के विरोध में जमकर तोड़फोड़ की है। राजस्थान के चित्तोड़गढ़ फोर्ट के पास पद्मावत फिल्म के विरोध में आग लगाई। वहीं सेना प्रमुख लोकेंद्र सिंह कलवी ने बुधवार को कहा कि राजपूत संगठन संजय लीला भंसाली की फिल्म को रिलीज नहीं होने देगा। कलवी ने कहा, “हम अपने उस रुख पर अटल हैं कि इस फिल्म पर प्रतिबंध लगा दिया जाना चाहिए। 25 जनवरी आए और जाए लेकिन हम फिल्म रिलीज नहीं होने देंगे, चाहे कुछ भी हो जाए।”
गुरुग्राम में हिंसा को देखते हुए धारा 144 लागू कर दिया गया है। कलेक्टर विनय प्रताप सिंह ने बताया कि यह 28 जनवरी तक लागू रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने आगरा को मुंबई से जोड़ने वाले एनएच-3 को बाधित कर दिया है। प्रदर्शनकारी इंदौर के किशनगंज इलाके में एनएच पर बैठ गए।
हरियाणा के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) मोहम्मद अकिल ने स्थिति को नियंत्रण में बताया है। उनके मुताबिक, कुछ जगहों पर लोगों ने कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें तुरंत संभाल लिया गया।
पद्मावत का विरोध कर रहे लोगों ने गुरुग्राम में स्कूल बस पर हमला किया। हरियाणा में थिएटर के बाहर सुरक्षाबल तैनात कर दिए गए हैं। गुरुग्राम के पुलिस उपायुक्त विनय प्रताप सिंह ने कहा कि गुरुवार (25 जनवरी) को सभी बार और पब खुले रहेंगे। फिल्म रिलीज के कारण शहर के बार को बंद करने की बात सामने आई थी।
मुंबई पुलिस इस वक्त पूरे एक्शन में है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना होने से रोकने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और करणी सेना के नेताओं को गिरफ्तार करना शुरू कर दिया है। अहमदाबाद में अभी तक 44 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मुंबई में 50 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
करणी सेना के प्रमुख लोकेंद्र कालवी ने बुधवार को एक बार फिर इस बात का ऐलान किया है कि वह पद्मावत को रिलीज नहीं होने देंगे। उन्होंने माना की करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने हिंसा की, लेकिन उन्होंने इसके लिए माफी नहीं मांगी। कालवी ने कहा, ‘रानी पद्मावती मेरी मां हैं, मैं उनसे माफी मांगूंगा।’
गुजरात मल्टीप्लेक्स ऑनर्स एसोसिएशन ने ऐलान किया है कि राज्य के किसी भी थियेटर में पद्मावती का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। मथुरा में भी लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। लोगों ने विरोद में भूतेश्वर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रोककर विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी इस वक्त दिल्ली-जयपुर हाइवे पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जयपुरल के वैशाली नगर में दिल्ली-जयपुर हाइवे पर पद्मावत के प्रदर्शन के विरोध में जाम लगाया गया है। इस वक्त हाइवे पर सैंकड़ों लोग मौजूद हैं और कई वाहन भी खड़े हुए हैं।गुड़गांव के वाजीपुर-पटौदी रोड पर भी प्रदर्शनकारियों ने जाम लगा दिया है।
गुजरात के अहमदाबाद में कई प्रदर्शनकारियों ने मंगलवार की रात हिमालय मॉल को निशाना बनाया और वहां खड़े कई वाहनों में आग लगा दी। वहीं गुड़गांव में भी स्थिति पर नियंत्रण बनाने के उद्देश्य से रविवार तक के लिए धारा 144 लगा दी गई। इसके अलावा प्रदर्शनकारियों की भीड़ को तितर बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी। देश के बहुत से इलाकों में फिल्म रिलीज के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिसबल की तैनाती कर दी गई है।
सुप्रीम कोर्ट ने वकील मनोहर लाल शर्मा की ओर से फिल्म पद्मावत के कुछ सीन को हटाने की मांग करने वाली याचिका पर जल्द सुनवाई से इनकार कर दिया। कोर्ट अब इस मामले पर सोमवार को सुनवाई करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें