जेट एयरवेज की फ्लाइट में मोबाइल फटने का मामला सामने आया है। यह घटना तब घटी जब फ्लाइट हजारों फिट की ऊंचाई पर उड़ान भर रहा था। खबरों के मुताबिक दिल्ली से इंदौर आ रही जेट एयरवेज की एक फ्लाइट में एक महिला यात्री के पर्स में रखे मोबाइल फोन की बैटरी में अचानक आग लग गई। जिससे पूरे फ्लाइट में धुआं भर गया। यह देखते ही फ्लाइट के क्रु मेंबर्स के होश उड़ गए और उन्होंने पानी डालकर आग को बुझाया।
जानकारी के मुताबिक अर्पिता धाल नाम की महिला यात्री अपने परिवार के साथ दिवाली पर जेट एयरवेज की फ्लाइट नंबर 9W 0791 से दिल्ली से इंदौर जा रही थी। इस दौरान हादसा हुआ। फ्लाइट के उड़ान भरने के बाद मोबाइल फोन की बैटरी ब्लास्ट हो गई। इस घटना के बाद यात्रियों में भी हड़कंप मच गया। इस दौरान जेट एयरवेज की लापरवाही भी देखने को मिली। फ्लाइट में आग बुझाने वाला यंत्र था लेकिन वह काम नहीं कर रहा था जिसके बाद पानी डाल कर आग को बुझाया गया।
खबरों के अनुसार जिस फोन में आग लगी वह Samsung की मोबाइल है और बताया जाता है कि यह Samsung Galaxy J7 फोन था। इस बारे में डीजीसीए को सूचना दे दी गई है। इससे पहले भी Samsung Galaxy Note 7 मोबाइल के फटने की खबर आ चुकी है। जो फ्लाइट में उड़ान के दौरान फटी थी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें